
Last Updated:
Govina Best Movies : 90 के दशक में जहां नए संगीतकारों का दबदबा बॉलीवुड में बढ़ा, वहीं दूसरी ओर नए-नए प्लेबैक सिंगर ने अपने पैर तेजी से जमाए. इन्हीं में से एक थे कुमार सानू जो ‘आशिकी’ फिल्म से रातोंरात स्टार बने थे. दूसरे थे उदित नारायण जो वैसे तो आमिर खान की 1998 की फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ के गाने ‘पापा कहते हैं’ से चर्चा में आए थे. अलका याग्निक-अनुराधा पौडवाल की आवाज भी हर दूसरी-तीसरी फिल्में सुनाई देती थी. बॉलीवुड सुपर स्टार गोविंद के करियर ने भी उड़ान 90 के दशक में ही भरी. डायरेक्टर डेविड धवन के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी थी. उदित नारायण और कुमार सानू गोविंदा की आवाज बने. इस दौरान उनकी 6 ऐसी फिल्में आईं जिनमें कुमार सानू-उदित नारायण के गानों ने धूम मचा दी. सभी फिल्में सुपरहिट रहीं.
90 के दशक में सबके चहेते सुपर स्टार गोविंदा के सितारे बुलंद थे. उनकी यूनिक डांसिंग स्टाइल और प्यारी सी मुस्कान ने उत्तर भारत के हर सिनेमा प्रेमी को दीवाना बना लिया था. गोविंदा ने अपने करियर में सबसे ज्यादा सुपरहिट फिल्में डायरेक्टर डेविड धवन के साथ कीं. दोनों की पहली फिल्म 1989 में ‘ताकतवर’ आई थी. फिर तो दोनों ने सुपरहिट फिल्मों की झड़ी लगा दी. 1992 की ‘शोला और शबनम’ फिल्म की सफलता के बाद डेविड धवन के निर्देशन में 5 ऐसी फिल्में आई जिसमें गोविंदा-कादर खान की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इन फिल्मों में गोविंदा के लिए कुमार सानू-उदित नारायण ने गाने गाए. इन पांचों फिल्मों के गाने खूब पॉप्युलर हुए. दिलचस्प बात यह है कि पांचों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपर हिट साबित हुईं. ये फिल्में थीं : आंखें, राजाबाबू, कुली नंबर वन, साजन चले ससुराल, हीरो नंबर वन और दूल्हे राजा.
सबसे पहले बात करते हैं 9 अप्रैल 1993 को रिलीज हुई ‘आंखें’ फिल्म की जिसका निर्देशन डेविड धवन ने किया था. ‘आंखें’ फिल्म की कहानी अनीस बज्मी ने लिखी थी. वही अनीस बज्मी जिन्होंने अक्षय कुमार-नाना पाटेकर के साथ ‘वेलमक’ जैसी फिल्म बनाई. फिल्म में गोविंदा के अलावा चंकी पांडे, राज बब्बर, कादर खान और शक्ति कपूर अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म के प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी थे. म्यूजिक बप्पी लाहिरी का था. गीत इंदीवर ने लिखे थे. इस फिल्म में कुमार सानू की आवाज का जादू देखने को मिला था.
फिल्म में कुल पांच गाने थे. सभी गानों में कुमार सानू की आवाज थी. इन सुपरहिट गानों में ‘ओ लाल दुपट्टे वाली तेरा नाम तो बता’, ‘अंगना में बाबा’, ‘एक तमन्ना जीवन की’ और ‘चौखट पे तुम्हारी हम’ शामिल थे. फिल्म में तीन एक्ट्रेस रागेश्वरी, रितु शिवपुरी और शिल्पा शिरोडकर नजर आई थीं. इनमें से सिर्फ शिल्पा शिरोडकर का ही करियर बॉलीवुड में कुछ चल पाया. ‘आंखे’ 1993 की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. थिएटर्स में पूरे 12 हफ्ते तक चलती रही थी. ₹5.96 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने ₹45.85 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. ‘आंखें’ फिल्म 1977 में आई कन्नड़ फिल्म ‘किट्टू पुट्टू’ का रीमेक थी. यह फिल्म 1990 में आई मराठी फिल्म चंगू-मंगू से भी इंस्पायर थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगले ही साल डेविड धवन के निर्देशन में बनी गोविंदा की एक और फिल्म आई थी. 21 जनवरी, 1994 में रिलीज गोविंदा-करिश्मा कपूर स्टारर इस फिल्म का नाम राजा बाबू था. शक्ति कपूर, कादर खान, अरुणा ईरानी, गुलशन ग्रोवर और प्रेम चोपड़ा अहम भूमिकाओं में थे. इस फिल्म का म्यूजिक आंद-मिलिंद ने कंपोज किया था. फिल्म का एक गाना ‘सरकाए लेओ खटिया’ को बहुत ही अश्लील माना गया. रेडियो-टीवी पर यह गाना बैन कर दिया गया था. फिल्म का एक गाना ‘आ जा, याद सताए, मेरी नींद चुराए’ उदित नारायण ने गाया था. ‘राजाबाबू’ फिल्म 1992 में आई तमिल मूवी रसुकुट्टी से इंस्पायर थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी.
उन दिनों गोविंदा और डेविड धवन की हर साल एक फिल्म जरूर आती थी. 1995 में भी एक बार फिर से डेविड धवन ने धमाका किया. यह धमाका उन्होंने गोविंदा-करिश्मा कपूर स्टारर फिल्म ‘कुली नंबर 1’ से किया था. फिल्म में गोविंदा के अलावा कादर खान, शक्ति कपूर, हरीश कुमार, महेश आनंद और सदाशिव अमरापुरकर अहम सपोर्टिंग रोल में थे. यह भी दिलचस्प है कि हरीश कुमार ही करिश्मा कपूर के पहले हीरो थे. दोनों ने ‘प्रेम कैदी’ से डेब्यू किया था. ‘कुली नंबर वन’ में आनंद-मिलिंद का म्यूजिक था. गीतकार समीर थे. फिल्म के 5 गाने कुमार सानू की आवाज में थे. इनमें ‘मैं तो रस्ते से जा रहा था’, ‘जब दिल ना लगे दिलदार’, ‘जेठ की दोपहरी में’, ‘क्या मजनू क्या लैला’ और टाइटल सॉन्ग ‘कुली नंबर वन’ सॉन्ग शामिल थे. फिल्म का एक गाना ‘तेरे प्यार में दिल दीवाना है, तेरे प्यार में दिल दीवाना’ उदित नारायण ने गाया था. यह फिल्म भी 1993 में आई तमिल फिल्म चिन्ना मैपिल्लाई का रीमेक थी. कुली नंबर 1 को 90 के दशक की आइकॉनिक मूवी माना जाता है. 3.5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 21 करोड़ की कमाई की थी. यह एक सुपरहिट मूवी साबित हुई थी.
डेविड धवन-गोविंदा-करिश्मा कपूर की जोड़ी 1996 में एक बार फिर से कमाल दिखाया. फिल्म थी ‘साजन चले ससुराल’ जिसमें तब्बू और कादर खान भी लीड रोल में थे. यह फिल्म इसलिए भी खास थी क्योंकि इसमें म्यूजिक नदीम-श्रवण का था. गीतकार समीर थे. स्क्रीनप्ले रूमी जाफरी ने लिखा था. डायलॉग कादर खान ने लिखे थे. फिल्म का म्यूजिक एल्बम सुपरहिट रहा. यह उस साल का पांचवां सबसे ज्यादा बिकने वाला म्यूजिक था. इन सुपरहिट गानों में आवाजें कुमार सानू-उदित नारायण, अलका याज्ञनिक, पूर्णिमा श्रेष्ठ, विनोद राठौर और कुणाल गांजावाला की थीं. फिल्म के चार गाने कुमार सानू ने गाए थे. दो गाने उदित नारायण की आवाज में थे. ये सुपरहिट गाने थे : दिल जाने जिगर तुझपे निसार किया है, तुम तो धोखेबाज हो, राम नारायण बाजा बजाता और बाय बाय मिस गुड नाइट. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी. ‘साजन चले ससुराल’ फिल्म 1992 में आई तेलुगू फिल्म अल्लारी मोगुडु का रीमेक थी.
डेविड धवन ने सेम स्टार कास्ट के साथ एक और फिल्म ‘हीरो नंबर वन’ बनाई जो कि 21 फरवरी 1997 में रिलीज हुई थी. गोविंदा-करिश्मा कपूर, कादर खान स्टारर यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म इसलिए भी चर्चा में आई क्योंकि इसमें भी ‘नंबर वन’ टाइटल जुड़ा हुआ था. हिंदी पट्टी में गोविंदा की दीवानगी चरम पर थी. फिल्म की कहानी 1972 की ऋषिकेश मुखर्जी की ‘बावर्ची’ फिल्म से इंस्पायर्ड थी. ‘हीरो नंबर वन’ का स्क्रीनप्ले रूमी जाफरी ने लिखा था. प्रोड्यूसर वासु भागनानी थे. म्यूजिक आनंद-मिलिंद का था. फिल्म के गाने सुपरहिट थे. कुमार सानू-उदित नारायण के गानों ने धूम मचा दी थी. फिल्म का टाइटल सॉन्ग ‘सोना कितना सोना है’ उदित नारायण-अलका याज्ञनिक ने गाया था. कुमार सानू ने ‘मैं तुझको भगा लाया हूं, तेरे घर से’ गाया था. 6.7 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 34 करोड़ रुपये कमाए थे. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी.
हिंदी राज्यों बिहार-यूपी, राजस्थान, एमपी में गोविंदा के सबसे ज्यादा फैन हैं. इन्हीं राज्यों में सबसे ज्यादा उनकी स्टाइल को कॉपी किया गया. गोविंदा की ऐसी ही एक फिल्म ‘दूल्हे राजा’ 10 जुलाई 1998 को रिलीज हुई थी. इसमें गोविंदा की जोड़ी रवीना टंडन के साथ थी. फिल्म की कहानी राजीव कौल ने लिखी थी. डायरेक्ट और प्रोड्यूस हरमेश मल्होत्रा ने किया था. वही हरमेश मल्होत्रा जिन्होंने ‘नगीना’ फिल्म बनाई थी. म्यूजिक आनंद-मिलिंद ने कंपोज किया था. गीतकार समीर थे. फिल्म के सभी गाने सुपरहिट थे. कुल 5 गाने मूवी में थे. मूवी का एक सॉन्ग ‘अंखियों से गोली मारे’ तो उन दिनों हर पार्टी-शादी-विवाह-फंक्शन में सुनाई देता था. फिल्म में कुमार सानू का एक भी गाना नहीं था लेकिन उदित नारायण के दो सॉन्ग थे. ये गाने थे : लड़की दीवानी लगे और निगाहें क्यों चुराती है. दोनों ही गाने खूब हिट हुए. करीब 5 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने करीब 22 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी. यह गोविंदा की अपने दम पर अंतिम हिट मूवी मानी जाती है.


