Last Updated:
भारतीय सिनेमा में डबल रोल का क्रेज फिर से लौट रहा है. फिल्म ‘जवान’ में शाहरुख खान का डबल रोल अवतार लोगों को बहुत भाया था. इससे पहले, प्रभाष को ‘पिता-पु्त्र’ के किरदार में बाहुबली में देखा गया था. अगले कुछ महीनों में आप यश, रणबीर कपूर, प्रभास जैसे सितारों को डबल रोल में देखेंगे. ‘टॉक्सिक’ में यश बाप-बेटे के डबल रोल में दिखेंगे. रणबीर कपूर का भी ‘रामायण’ में डबल रोल है. ‘एनिमल पार्क’ में भी उनका दोहरा किरदार है.हॉरर-कॉमेडी ‘शक्ति शालिनी’ में अनीता पड्डा भी दो अलग-अलग शक्तियों का रोल निभाएंगी.

नई दिल्ली: भारतीय सिनेमा और बॉलीवुड के फैंस के लिए एक एक्टर का पर्दे पर डबल रोल में आना हमेशा से ही ब्लॉकबस्टर फॉर्मूला रहा है. चाहे वो बचपन में बिछड़े हुए जुड़वां भाई हों, बाप-बेटे की टक्कर हो या फिर हमशक्ल का ड्रामा, दर्शकों को इसमें दोगुना मजा आता है. हाल के दिनों में मेकर्स ने इस पुराने जादू को फिर से बड़े पर्दे पर नए कलेवर के साथ उतारने की तैयारी कर ली है.

फिल्म ‘टॉक्सिक’ के साथ यश एक बार फिर पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं. फिल्म के टीजर ने सोशल मीडिया पर पहले ही थ्योरीज की बाढ़ ला दी है. खबरों की मानें तो यश इसमें बाप और बेटे, दोनों का किरदार निभा रहे हैं. एक किरदार जहां दाढ़ी वाला और थोड़ा शांत है, वहीं दूसरा एकदम आग उगलने वाला युवा अवतार है. टीजर के ‘डैडीज होम’ वाले डायलॉग ने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं.

हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली कड़ी ‘शक्ति शालिनी’ भी चर्चा में है. फिल्म ‘सैयारा’ से इंटरनेट सेंसेशन बनीं अनीता पड्डा इसमें डबल रोल निभाने जा रही हैं. चर्चा है कि वह ‘शक्ति’ और ‘शालिनी’ के रूप में दो अलग-अलग ताकतों को रीप्रेजेंट करेंगी. विशाल जेठवा के साथ उनकी यह फिल्म काफी दिलचस्प होने वाली है. (फोटो साभार: Instagram@aneetpadda_)
Add News18 as
Preferred Source on Google

रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में हैं. इस पौराणिक फिल्म में रणबीर सिर्फ भगवान राम का ही नहीं, बल्कि भगवान परशुराम का किरदार भी निभाते नजर आएंगे. एक ही फिल्म में भगवान विष्णु के दो अवतारों को निभाना रणबीर के करियर का सबसे बड़ा चैलेंज माना जा रहा है. यह फिल्म दिवाली 2026 और 2027 में दो भागों में आएगी.

अगर आपको लगा कि फिल्म ‘एनिमल’ में रणबीर का किरदार काफी उग्र था, तो ‘एनिमल पार्क’ में पागलपन का स्तर और बढ़ने वाला है. प्रिक्वल के अंत में हमने ‘अजीज हक’ की झलक देखी थी, जिसने अपना चेहरा ‘रणविजय’ जैसा बनवा लिया था. अब सीक्वल में रणबीर इन दोनों किरदारों के बीच की खूनी जंग को पर्दे पर उतारेंगे, जो यकीनन रोंगटे खड़े कर देने वाला होगा.

साउथ के सुपरस्टार प्रभास भी ‘कल्कि 2898 AD’ के अगले पार्ट में दोहरी पहचान के साथ वापसी करेंगे. पहले पार्ट के क्लाइमेक्स ने साफ कर दिया था कि ‘भैरवा’ असल में ‘कर्ण’ का पुनर्जन्म है. यानी अगले पार्ट में प्रभास मॉडर्न दौर के भैरवा और महाभारत काल के कर्ण दोनों अवतारों में नजर आएंगे. फिल्म के सीक्वल में साई पल्लवी और अमिताभ बच्चन भी अहम भूमिकाओं में होंगे.

भारतीय सिनेमा में डबल रोल का चलन बहुत पुराना और सफल रहा है. ‘जुड़वा’ में सलमान खान के शरारती जुड़वां भाइयों से लेकर ‘जवान’ में शाहरुख खान के बाप-बेटे वाले स्वैग तक, दर्शकों ने हमेशा इसे सिर आंखों पर बिठाया है. अब यश, रणबीर और प्रभास जैसे बड़े सितारे इस परंपरा को और बड़े एक्शन और ड्रामा के साथ आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं.

फिल्ममेकर्स कुल मिलाकर आने वाले साल बड़े पर्दे पर ‘डबल धमाका’ लेकर आने वाले हैं. दर्शक इन फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इनमें न सिर्फ दोहरी एक्टिंग देखने को मिलेगी, बल्कि कहानी में भी जबरदस्त ट्विस्ट होंगे. थिएटर में सीटियां और तालियां बजना तो तय है. अब बस देखना यह है कि कौन सा सुपरस्टार अपने इन दोहरे अवतारों से बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ता है.


