बॉलीवुड में अपनी मेहनत और दमदार एक्टिंग के दम पर अलग पहचान बनाने वाली कृति सैनन आज इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार हैं. बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड और गॉड फादर के बॉलीवड में जगह बनाना आसान नहीं होता, लेकिन कृति ने ये साबित कर दिखाया है कि टैलेंड और मेहनत के दम पर हर मुश्किल को पार किया जा सकता है. हाल ही में कृति सैनन ने नेपोटिज्म पर बेबाकी से अपनी बात रखी है.
नेपोटिज्म पर कृति सैनन का बेबाक बयान
GQ के साथ हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में कृति सैनन ने अपने फिल्मी सफर के उतार-चढ़ाव के बारे में बात की. उन्होंने खुलासा किया कि उनके करियर के शुरुआती दौर में कई बार उन्हें फिल्मों से सिर्फ इसलिए बाहर कर दिया गया ताकि किसी स्टारकिड्स को मौका दिया जा सके. उन्होंने बताया कि फिल्मी बैकग्राउंड से न आने वाले कलाकारों को इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.
फिल्म ‘मिमी’ से पहले किया संघर्ष
कृति ने बताया कि फिल्म ‘मिमी’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई, लेकिन उससे पहले उन्हें लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने कहा, ‘मिमी से पहले मैं कई बार बहुत निराश हुई. मुझे लगता था कि मैं और अच्छा कर सकती हूं, लेकिन मुझे वैसी फिल्में और मौके नहीं मिल रहे थे. कई ऐसे रोल थे जिनके बहुत करीब पहुंचने के बाद भी वे स्टारकिड्स को दे दिए गए. ये ऐसी चीज थी जो मेरे कंट्रोल में नहीं थी.’
ये भी पढ़ें:- Adipurush में सीता के रोल में कृति सैनन से बेहतर कौन हो सकता था? AI ने दिया चौंकाने वाला जवाब
उन्होंने आगे कहा, ‘जब आप फिल्मी बैकग्राउंड से नहीं आते, तो आपको हमेशा इस बात का डर रहता है कि आगे काम मिलेगा या नहीं. मैंने धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए रिस्क लिए और सोच-समझकर फैसले किए. मुझे जो भी मौके मिले हैं, वो मैंने अपनी मेहनत से कमाए हैं. मुझे कुछ भी आसानी से नहीं मिला.’
कई बार असफलता आपको सफलता से ज्यादा सीख देती है- कृति सैनन
कृति ने कहा, ‘मेरे करियर में ऐसे भी दौर आए जब मैं बहुत कन्फ्यूज थी. मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या सही है और क्या गलत. मैंने कुछ ऐसी फिल्में साइन कीं जो मेरे लिए फायदेमंद साबित नहीं हुईं. उस समय ऐसा लग रहा था कि कुछ भी काम नहीं कर रहा. आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि उन मुश्किल दिनों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया. कई बार असफलता आपको सफलता से ज्यादा सीख देती है.’
इंडस्ट्री में अब भी है पैट्रिआर्की
इंटरव्यू के दौरान कृति सैनन ने फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं और पुरुषों के बीच होने वाले फर्क पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘आज भी इंडस्ट्री में पुरुष कलाकारों को ज्यादा अहमियत दी जाती है और महिलाओं को बराबरी पाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती है. करियर के शुरुआती दिनों में मैं हर बात खुलकर नहीं कह पाती थीं, लेकिन समय के साथ मैंने अपने लिए आवाज उठाना सीखा.’
कृति ने आगे कहा, ‘कई बार फिल्मों का बजट कम होने पर सबसे पहले फीमेल लीड की फीस में कटौती की जाती है. इसके अलावा सेट पर मिलने वाले सम्मान और सुविधाओं में भी पुरुष और महिला कलाकारों के बीच फर्क साफ दिखाई देता है. इंडस्ट्री में पैट्रिआर्की आज भी मौजूद है. कई बार ये खुलकर दिखाई नहीं देती, लेकिन छोटे-छोटे व्यवहार और फैसलों में नजर आती है.’
‘कॉकटेल 2’ में नजर आएंगी कृति सैनन
वर्क फ्रंट की बात करें तो कृति सैनन जल्द ही फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में नजर आएंगी. शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना भी इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म में लीड रोल में हैं. होमी अदजानिया फिल्म के निर्देशक हैं. ये फिल्म 19 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ये भी पढ़ें:- कृति सैनन ने ‘तेरे इश्क में’ के लिए जीता बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड, यामी गौतम को लगी मिर्ची! फैंस ने किया ऐसा रिएक्ट


