
Last Updated:
हौसले बुलंद हों और मन में इच्छाशक्ति हो तो दुनिया की हर चीज हासिल की जा सकती है. कायनात भी उन्हीं की मदद करती है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए तन-मन से प्रयास करते हैं. यह बात जीवन के हर क्षेत्र में हर शख्स पर लागू होती है. फिल्म इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं है. पढ़ाई के दौरान होटल में काम करने वाले वेटर के मन में हीरो बनने का सपना था. शुरुआत की तीन फिल्में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. शुरुआती असफलता के बाद हार नहीं मानी. पिछले 8 साल में 4 ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर बॉलीवुड के हाईएस्ट पेड एक्टर बने. इस बॉलीवुड सुपर स्टार ने ब्लॉकबस्टर फिल्में देने के लिए एक खास तरह का फॉर्मूला भी अपनाया.
यह दास्ता है बॉलीवुड के उस सुपर स्टार की जो कभी होटल में वेटर का काम किया करता था. मन में हीरो बनने का सपना था तो एक्टिंग की क्लास ज्वाइन की. 2010 में यशराज फिल्म्स में काम करने का मौका मिला. शुरुआती तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं लेकिन हार नहीं मानी. 2013 में एक ऐसी फिल्म आई कि रातोंरात किस्मत बदल गई. फिर तो पीछे मुड़कर नहीं देखा. पिछले 8 साल में चार ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर इतिहास रच दिया. आज इस बॉलीवुड सुपर स्टार की गिनती बॉलीवुड के हाईएस्ट पेड हीरो में होती है. हम बात कर रहे हैं ‘धुरंधर’ सुपर स्टार रणवीर सिंह की. आइये जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से……
बॉलीवुड सुपर स्टार रणवीर सिंह ‘डॉन 3’ विवाद के चलते चर्चा में हैं. सिने एसोसिएशन ने सख्त रुख अपनाते हुए रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है. इस फिल्म की घोषणा साल 2023 में हुई थी. रणवीर सिंह को लीड रोल में लिया गया था. मेकर्स का कहना है कि रणवीर सिंह ने फिल्म ऐसे समय छोड़ी है, जब प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया था. करीब 45 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं. बेहतरीन एक्टिंग, खास फैशन स्टाइल को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले रणवीर सिंह की दादी चांद बर्क पंजाबी फिल्मों की एक्ट्रेस थीं. उन्हें ‘डांसिंग लिली ऑफ पंजाब’ कहा जाता है. दादा सुंदर सिंह आर्किटेक्ट थे और बड़े बिजनेसमैन थे. पिता जगजीत सिंह भवनानी फिल्मों में नहीं आए लेकिन रणवीर सिंह ने एक्टिंग को चुना.
बहुत कम लोग जानते हैं कि रणवीर सिंह ने यूएस में पढ़ाई के दौरान होटल में वेटर का काम किया. उन्होंने कॉफी विद करण के एक एपिसोड में इसका खुलासा किया था. दादी ने एक्टिंग के लिए प्रेरित किया. रणवीर ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कॉपीराइटर की थी. 2007 में ओएंडएम, जेडब्ल्यूटी जैसी कंपनियों से की. 2010 में यशराज फिल्म्स ने ‘बैंड बाजा बारात’ से ब्रेक दिया. फिल्म एवरेज ही रही. ‘लेडीज वर्सेस रिकी बहल’ भी औसत रही लेकिन उन्हें नोटिस जरूर किया गया. तीसरी फिल्म ‘लुटेरा’ फ्लॉप रही. किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. 15 नवंबर 2013 में रिलीज हुई ‘गोलियों की रासलीला : रामलीला’ फिल्म हिट रही और रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण की जोड़ी रातोंरात चर्चा में आ गई.
Add News18 as
Preferred Source on Google
2014 में ‘गुंडे’ और ‘किल दिल’ जैसी फिल्में रिलीज हुईं. इसमें गुंडे बॉक्स ऑफिस पर एवरेज रही. प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा ही थे. फिल्म का एक गाना ‘तूने मारी एंट्रियां, तो दिल में बजी घंटियां’ खूब हिट रहा. 51 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 119 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. फिल्म सेमी हिट रही. 2015 में रणवीर सिंह की ‘दिल धड़कने दो’ कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई.
रणवीर सिंह का असली स्टारडम अभी आना बाकी थी. साल 2015 खत्म होने से पहले दिसंबर महीने में रणवीर की ‘बाजीराव मस्तानी’ फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई. ये वही फिल्म थी जिसने उन्हें पैन इंडिया स्टारडम दिलाया. बाजीराव मस्तानी फिल्म में रणवीर ने मराठा पेशवा बाजीराव का किरदार निभाया था. इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने खुद को 20 दिन तक होटल में बंद रखा. जब किरदार में पूरी तरह ढल गए तब डायरेक्टर संजय लीला भंसाली के सामने गए. 145 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 356 करोड़ का बिजनेस किया था. यह अपने समय की सबसे महंगी फिल्म थी. हिट फिल्म साबित हुई. रणवीर सिंह बाजीराव के किरदार में छा गए. सबको यही लगा कि बाजीराव ऐसे ही रहे होंगे. रणवीर-दीपिका के परफॉर्मेंस की खूब प्रशंसा हुई.
बॉक्स ऑफिस पर अभी रणवीर सिंह का असल तूफान आना बाकी थी. अभी उनके हिस्से कोई ब्लॉकबस्टर फिल्म नहीं आई थी. रणवीर का यह सपना 2018 में साकार हुआ जब संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पद्मावती’ रिलीज हुई. 25 जनवरी 2018 को रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर पूरे देश में बवाल हुआ. फिल्म रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई थी. रानी पद्मावती-अलाउद्दीन खिलजी की पर बेस्ड इस फिल्म की कहानी सबको पता थी लेकिन भंसाली ने जिस अनोखी स्टाइल से स्टोरी दर्शकों के सामने पेश की गई, हर स्तब्ध रह गया. अलाउद्दीन खिलजी के किरदार के लिए भी रणवीर सिंह ने अपनी पुरानी ट्रिक आजमाई. खुद को महीनों होटल में बंद रखा. किरदार में खुद को डुबो दिया. पद्मावत में रणवीर सिंह ने अलाउद्दीन खिलजी का रोल में एक्टिंग का लोहा मनवा दिया. 215 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 545 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई.
रणवीर सिंह हर किरदार पागलपन की हद तक निभाया. ‘पद्मावती’ फिल्म देखकर दर्शकों को यही लगा कि अलाउद्दीन खिलजी अपने जमाने में ऐसा ही क्रूर रहा होगा. इस किरदार ने दर्शकों को हिलाकर रख दिया. खुद रणवीर हिंसक व्यवहार करने लगे. उन्हें डॉक्टर की मदद लेनी पड़ी. 2018 में ही रणवीर सिंह ने एक और धमाका किया. 28 दिसंबर को उनकी फिल्म ‘सिंबा’ रिलीज हुई. यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई. 2019 में ‘गली ब्वॉय’ जैसी हिट फिल्म देकर रणवीर सिंह चर्चा में बने रहे. खुद के स्टारडम को बरकरार रखने में सफल रहे.
रणवीर सिंह ने दीपिका पादुकोण को अपनी जीवनसंगिनी बनाया. दोनों ने 14 नवंबर 2018 में शादी रचा ली. रणवीर सिंह को अपने करियर में बुरा दौर देखना पड़ा. 2019 के बाद उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप हुईं. 2023 में आलिया भट के साथ उनकी एक फिल्म ‘रॉकी और रिंकी की प्रेम कहानी’ ने उनके लड़खड़ाते करियर को संभाला. फिर 2025-26 में बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह का ऐसा जलजला आया कि पूरी दुनिया हिल गई. आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. ‘धुरंधर’ दो पार्ट में आई. दूसरा पार्ट 19 मार्च 2026 में रिलीज हुआ. दो पार्ट में रिलीज दोनों मूवी अब तक 3000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी हैं. रणवीर सिंह आज बॉलीवुड के मोस्ट डिमांडिंग सुपर स्टार हैं. रणवीर सिंह की सबसे बड़ी खासियत यही रही कि वो हर किरदार में खुद को समा लेते हैं. किरदार की तैयारी के लिए खुद को समय देते हैं. कई बार तो वो होटल में रहते हैं. अपने परिवार से भी दूर हो जाते हैं. इसी फॉर्मूले से उन्होंने सफलता की इबारत लिखी.


