
Last Updated:
8 must watch films 90s : बॉलीवुड के लिए 90 का दशक सबसे यादगार माना जाता है. इसी दशक में कालजयी रोमांटिक-एक्शन फिल्में बनाई गईं. आइकॉनिक गाने बनाए गए. 90 के दशक में बॉलीवुड में ऐसे कुछ फिल्में आईं जिन्होंने 100 करोड़ का कलेक्शन किया. कुमार सानू-उदित नारायण, अलका याज्ञनिक के मेलोडी से भरे गाने चौराहों, बस स्टॉप, शादी-फंक्शन पार्टी में बजते थे. कुछ ऐसी एक्शन फिल्में भी आईं जिनके डायलॉग आज भी उतने ही फेमस हैं. ऐसी ही 9 फिल्मों की हम चर्चा करने जा रहे हैं जो 90 के दशक की मस्ट वॉच मूवी में शामिल हैं. आज भी इन फिल्मों को देखकर मन पुरानी यादों में खो जाएगा.
90 के दशक में सिनेमाघरों में कुछ फिल्में ऐसी भी आईं जिन्होंने भारतीय सिनेमा को हमेशा के लिए बदलकर रख दिया. सबसे ज्यादा रोमांटिक-मेलोडियस गाने इसी दशक में सुनने को मिले. प्यार की परिभाषा बदलने वाली आइकॉनिक फिल्में इसी दौर में आईं. कुछ ऐसी एक्शन फिल्में भी देखने को मिलीं जिनके डायलॉग आज भी उतने ही पॉप्युलर हैं. सोशल मीडिया पर इन्हीं फिल्मों के सबसे ज्यादा मीम्स भी मिलते हैं. ऐसी ही 9 फिल्में पर हम एक नजर डालते हैं. ये फिल्में थीं : बॉर्डर, कुछ कुछ होता है, बाजीगर, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, हम आपके हैं कौन, दिल तो पागल है, अंदाज अपना अपना, दामिनी और राजा हिंदुस्तानी.
सबसे पहले बात करते हैं फिल्म ‘बाजीगर’ की जिसका डायरेक्शन अब्बास-मस्तान ने किया था. शाहरुख खान-काजोल-शिल्पा शेट्टी स्टारर यह फिल्म 12 नवंबर 1993 को सिनेमाघरों में आई थी. स्टोरी-स्क्रीनप्ले रॉबिन भट्ट आकाश खुराना का था. डायलॉग जावेद सिद्दीकी ने लिखे थे. म्यूजिक अनु मलिक का था. फिल्म का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर था. बाजीगर एक सस्पेंस क्राइम थ्रिलर फिल्म थी. ‘बाजीगर’ फिल्म का बजट 2-3 करोड़ रुपये के आसपास था. इस कम बजट की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ₹15 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. उस साल की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी. यह फिल्म शाहरुख खान के करियर के लिए टर्निंग प्वॉइंट साबित हुई. बाजीगर फिल्म को 4 फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले थे.
साल 1993 में ही सनी देओल की एक ऐसी फिल्म आई जिसने हिंदी सिनेमा को कालजयी डायलॉग दिए. ‘तारीख पर तारीख’, ‘जब ये ढाई किलो का हाथ किसी पर पड़ता है, तो आदमी उठता नहीं, उठ जाता है.’ जैसे कालजयी डायलॉग 30 अप्रैल 1993 को रिलीज हुई ‘दामिनी’ फिल्म में सुनाई दिए थे. सनी देओल, अमरीश पुरी, मीनाक्षी शेषाद्रि और ऋषि कपूर स्टारर इस फिल्म का म्यूजिक नदीम श्रवण ने कंपोज किया था. कहानी-स्क्रीनप्ले राजकुमार संतोषी ने लिखा था जबकि डायलॉग दिलीप शुक्ला ने लिखे थे. दामिनी एक महिला केंद्रित फिल्म थी जो इंसाफ पाने के लिए पूरे समाज से लड़ती है. दामिनी मीनाक्षी शेषाद्रि के करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म में से एक है. सनी देओल ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नेशनल और फिल्म फेयर अवॉर्ड जीता था. 3.5 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 11 करोड़ का कारोबार किया था. 1993 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दामिनी छठवें नंबर पर थी. सनी देओल की एक्टिंग सब पर भारी पड़ी थी. 90 के दशक में सनी देओल ने ‘घायल’ और ‘घातक’ जैसी कालजयी एक्शन फिल्मों में काम किया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले 5 अगस्त 1994 को सलमान खान-माधुरी दीक्षित स्टारर फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ रिलीज हुई थी जिसने बॉक्स ऑफिस पर कमाए के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. रेणुका शहाणे, अनुपम खेर, मोहनीश बहल, आलोक नाथ, रीमा लागू, बिंदु, सतीश शाह, दिलीप जोशी और लक्ष्मीकांत बेर्डे सपोर्टिंग रोल में थे. फिल्म में कुल 14 गाने थे जिनकी धुनें राम-लक्ष्मण ने बनाई थीं. म्यूजिक बलॉकबस्टर था. यह फिल्म 1981 में आई ‘नदिया के पार’ फिल्म का रीमेक थी. मूवी को 4 फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिले थे. बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड माधुरी दीक्षित को मिला था. करीब 6 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने 128 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. यह बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म थी जिसने 100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था.
नवंबर 1994 में सलमान खान और आमिर खान की फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ रिलीज हुई थी और रिलीज होते ही फ्लॉप हो गई थी. डायरेक्टर राजकुमार संतोषी थे. उस समय सलमान खान की छवि रोमांटिक हीरो की थी, इसलिए कॉमेडी रोल में दर्शकों ने उन्हें पसंद नहीं किया. जब फिल्म टीवी पर रिलीज हुई तो लोगों ने इस फिल्म को खूब पसंद किया. आज इस फिल्म की गिनती कल्ट मूवी में होती है. ‘अंदाज अपना अपना’ आज भी दर्शकों को खूब हंसाती है. फिल्म में रोमांस के साथ कॉमेडी भी काफी मजेदार है.
साल 1995 में आई एक फिल्म का नाम बॉलीवुड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है. प्रोड्यूसर-डायरेक्टर यश चोपड़ा के बेटे ने अपनी पहली फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ बनाई. ज्यादातर सिनेप्रेमी इस फिल्म को ‘डीडीएलजे’ के नाम से जानते हैं. 20 अक्टूबर 1995 को दीपावाली के दिन रिलीज इस फिल्म में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का जबर्दस्त संयोजन था. ‘शाहरुख खान-काजोल’ स्टारर यह फिल्म मस्ट वॉच मूवी में शामिल है. फिल्म में सिर्फ एक फाइट सीन था जिसे शाहरुख खान ने अपनी जिद पर रखवाया था. फिल्म की स्टोरी-स्क्रीनप्ले आदित्य चोपड़ा ने लिखा था. सदाबहार म्यूजिक जतिन-ललित ने कंपोज किया था. कुल 7 गाने फिल्म में रखे गए थे. करीब 4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 103 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. यह बॉलीवुड की सबसे बेस्ट फिल्मों में से एक है. डीडीएलजे को एक नेशनल अवॉर्ड और 10 फिल्मफेयर अवॉर्ड समेत कुल 15 अवॉर्ड मिले थे.
साल 1996 आमिर खान-करिश्मा कपूर की रोमांटिक फिल्म ‘राजा हिंदुस्तानी’ ने तहलका मचा दिया था. धर्मेश दर्शन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का स्क्रीनप्ले रॉबिन भट्ट और डायलॉग जावेद सिद्दीकी ने लिखे थे. म्यूजिक नदीम-श्रवण ने कंपोज किया था. फिल्म में 51 मिनट की लंबाई के 8 गाने रखे गए थे. सबसे सुपरहिट गाना ‘परदेसी परदेसी जाना नहीं’ था. सबसे मजेदार तथ्य यह है कि इस पॉप्युलर सॉन्ग को मेकर्स मूवी में नहीं रखना चाहते थे. फिल्म में आमिर खान-करिश्मा कपूर का करीब एक मिनट का किसिंग सीन भी था. इस सीन की बड़ी चर्चा हुई थी. यह सीन ऊंटी में तीन दिन तक फिल्माया गया था. करीब 6 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 76 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइब ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. 1996 में सबसे ज्यादा पैसे कमाने की लिस्ट में पहले नंबर पर थी. राजा हिंदुस्तानी फिल्म फिल्म करिश्मा कपूर के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई.
‘प्रेम, दिल, धड़कन-जज्बात सिर्फ फील करने की चीजें हैं. इन्हीं अहसास को एक कहानी पिरोकर यश चोपड़ा ने 1997 में एक फिल्म बनाई थी. नाम था ‘दिल तो पागल है’ जिसमें शाहरुख खान, अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और माधुरी दीक्षित लीड रोल में थे. कहानी पामेला चोपड़ा ने जबकि डायलॉग आदित्य चोपड़ा ने लिखे थे. स्क्रीनप्ले यश चोपड़ा, तनूजा चंद्रा और पामेला चोपड़ा ने लिखा था. फिल्म का मेलोडियस म्यूजिक उत्तम सिंह ने दिया था. यह फिल्म अपनी शानदार स्टोरी और ब्लॉकबस्टर म्यूजिक के लिए जानी जाती है. ‘दिल तो पागल है’ का बजट करीब 9 करोड़ रुपये का था. फिल्म ने 71 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.
जून 1997 में जेपी दत्ता के निर्देशन में सनी देओल की एक फिल्म ‘बॉर्डर’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने इतिहास रच दिया. फिल्म की शूटिंग राजस्थान के बीकानेर में हुई थी. स्टोरी-स्क्रीनप्ले, डायरेक्शन और प्रोडक्शन सबकुछ जेपी दत्ता का था. कहानी 1971 में राजस्थान के जैसलमेर बॉर्डर पर हुए लोंगेवाला युद्ध पर बेस्ड थी. फिल्म का सबसे पॉप्युलर गाना ‘संदेशे आते हैं’ था. म्यूजिक अनु मलिक ने कंपोज किया था. 10 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई इस मूवी ने करीब 39 करोड़ की कमाई की थी. यह फिल्म 1997 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी.
इस लिस्ट में सबसे आखिरी नाम 16 अक्टूबर 1998 को रिलीज हुई फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ का है जिसे करण जौहर ने डायरेक्ट किया था. बतौर डायरेक्टर करण जौहर की यह पहली फिल्म थी. करण जौहर जाने-माने प्रोड्यूसर यश जौहर के बेटे हैं. यश चोपड़ा उनके सगे मामा थे. काजोल-शाहरुख खान और रानी मुखर्जी स्टारर फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ ने रिलीज होते ही इतिहास रच दिया. फिल्म की कहानी कॉलेज गोइंग यूथ को ध्यान में रखकर लिखी गई थी. राहुल-अंजलि और टीना के बीच ट्रायंगल लव स्टोरी हमेशा के लिए अमर हो गई. 10 करोड़ के बजट में बनी इस मूवी ने 106 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.


