Last Updated:
बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने एक बार फिर विवादों में आ गई हैं. सोशल मीडिया पर तीखी पोस्ट्स की सीरीज में उन्होंने इंडस्ट्री में बढ़ रही ‘फेक पीआर गेम्स’ की खुलकर आलोचना की है. अमीषा ने युवा एक्ट्रेसेस पर आरोप लगाया कि वे बॉक्स ऑफिस पर एक भी सोलो ब्लॉकबस्टर दिए बिना पीआर टीमों को पैसे देकर खुद को ‘नंबर 1’ और ‘सुपरस्टार’ का तमगा दिलवा रही हैं.

नई दिल्ली. बॉलीवुड की ‘गदर गर्ल’ अमीषा पटेल ने एक बार फिर इंडस्ट्री की ‘फेक पीआर गेम्स’ पर धमाका किया है. शनिवार तड़के एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट शेयर कर बिना सुपरहिट फिल्मों के खुद को ‘सुपरस्टार’ और ‘नंबर 1’ कहलाने वाली नई हीरोइनों पर तीखा तंज कसा है. अमीषा ने साफ कहा कि इनमें से ज्यादातर एक्ट्रेस अपने पीआर टीमों को पैसे देकर ये टैग हासिल करती हैं, जबकि उनके नाम कोई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म नहीं है.

‘गदर’ और ‘कहो ना… प्यार है’ जैसी फिल्मों से खूबसूरत करने वालीं एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने एक्स पर लगातार पोस्ट कर बॉलीवुड की सच्चाई उजागर करने का दावा किया.

अमीषा ने पोस्ट में लिखा, ‘अपने आप को सुपरस्टार तभी कहो, जब तुम्हारे काम ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया हो और तहलका मचा दिया हो. तब तक पीआर गेम्स से सुपरस्टार बनने की कोशिश बंद करो… माफ करें… लेकिन यह कड़वी सच्चाई है.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने आगे कहा, ‘आज 2026 है, 2000 नहीं. आज 100 करोड़ रुपये कमा लेना कोई बड़ी बात नहीं है. ऐसी कई एक्ट्रेसेस हैं, जिनकी एक भी फिल्म 200 करोड़ नहीं कमा पाई है और फिर भी वे अपनी पीआर टीमों को पैसे देकर खुद को नंबर 1 या नंबर 2 कहलवा रही हैं.’

अपनी सफलताओं का बखान करते हुए अमीषा ने लिखा, ‘कहो ना प्यार है, गदर 1 और गदर 2… एक नहीं, बल्कि तीन सबसे बड़े सोलो ब्लॉकबस्टर्स मैं लेकर आई हूं, जिनमें सबसे ज्यादा फुटफॉल रहे हैं. ये फिल्में मेरे को-स्टार्स के लिए भी अब तक की सबसे बड़ी हिट हैं. मेरी पीआर मशीनरी इनके मुकाबले बहुत कमजोर है.’

2023 में रिलीज हुई अमीषा की फिल्म ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था. 24 दिनों में यह आंकड़ा छूने वाली यह दूसरी सबसे तेज रफ्तार फिल्म थी. साल 2001 में आई ‘गदर: एक प्रेम कथा’ उस दौर में 76 करोड़ का मैमथ कलेक्शन कर एक मिसाल बनी थी.

अमीषा ने फैंस को साफ संकेत दिया है कि ‘गदर 3’ पर तो काम चल ही रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘गदर 3 जब आएगी, थिएटर में हंगामा मच जाएगा. दर्शकों के प्यार और भगवान की कृपा से 500 करोड़ तो इस फ्रेंचाइजी के लिए सिर्फ न्यूनतम आंकड़ा है. इस बार स्केल और स्क्रिप्ट और भी बड़ी और धमाकेदार होगी.’

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमीषा पटेल आखिरी बार ‘गदर 2’ में नजर आई थीं. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी और दर्शकों ने लंबे समय बाद उन्हें तारा सिंह और सकीना की जोड़ी में खूब पसंद किया. इसके अलावा अब वह ‘हमराज 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक निर्माता रतन जैन ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि अगर उन्हें सही स्क्रिप्ट मिलती है तो ‘हमराज 2’ पर काम शुरू किया जा सकता है.

हालांकि, अमीषा पटेल के इन बयानों ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. कुछ लोग उनकी बातों को बॉलीवुड की सच्चाई बता रहे हैं, तो कई यूजर्स इसे नई पीढ़ी के कलाकारों पर सीधा हमला मान रहे हैं. अमीषा ने किसी एक एक्ट्रेस का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके पोस्ट के बाद फिल्म इंडस्ट्री में पीआर कल्चर, स्टारडम और बॉक्स ऑफिस के असली मायनों को लेकर चर्चा तेज हो गई है.


