
Last Updated:
Dharmendra Ke Superhit Gane : ‘ही मैन’ के नाम से मशहूर सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र ने बॉलीवुड में अपना करियर 1960 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से शुरू किया था. इस फिल्म केलिए उन्हें सिर्फ 51 रुपये मिले थे. लीजेंडरी एक्टर धर्मेंद्र ने 6 दशक के लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. एक्शन हीरो के तौर पर उनकी पहचान रही. फिर भी उनकी फिल्मों के कई रोमांटिक गाने बेहद लोकप्रिय हुए. 70 के दशक में धर्मेंद्र की तीन फिल्में ऐसी आईं जिनके तीन गाने कालजयी साबित हुए. दो गाने मोहम्मद रफी ने जबकि एक सुपरहिट सॉन्ग किशोर कुमार की आवाज में था. दो फिल्में सुपरहिट साबित हुईं. तीसरी फिल्म बॉक्स ऑफिस तो एवरेज रही लेकिन आज उसी की गिनती कल्ट मूवी में होती है. ये तीन एवरग्रीन सुपरहिट गाने कौन से थे, आइये जानते हैं……
‘आज मौसम बड़ा बेईमान है’, ‘पल-पल दिल के पास’ और ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ गाने सुनते ही मन मयूर नाचने लगता है. तीनों ही गाने आशिकों के दिल में बसते हैं. मौसम जरा भी करवट ले और मन रोमांटिक होते ही ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है’ गाना होठों पर आ जाता है. ये तीनों एवरग्रीन गाने सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र की फिल्मों में थे. दो गाने ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है’ और ‘पल-पल दिल के पास’ एक ही साल 1973 में रिलीज हुए थे. ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ गाना प्रतिज्ञा मूवी का सॉन्ग है जो कि 1975 में रिलीज हुई थी. दो गाने मोहम्मद रफी की आवाज में थे जबकि क गाना किशोर द ने गाया था.
सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र की फिजिक, एक्शन और उनकी मुस्कान दर्शकों को दीवाना बना लेती थी. धर्मेंद्र ने अपने करियर में ज्यादातर एक्शन फिल्मों में काम किया. उन्होंने फिल्मों में सुपर चोर के रोल बहुत अच्छे से निभाए. यह भी दिलचस्प फैक्ट है कि जिन फिल्मों में धर्मेंद्र चोर बने, वो फिल्में सुपरहिट रहीं. धर्मेंद्र के लिए मोहम्मद रफी अपनी आवाज देते थे. 70 के दशक में धर्मेंद्र की तीन ऐसी फिल्में आईं जिनके गाने एवरग्रीन सुपरहिट साबित हुए. दो फिल्में सुपरहिट साबित हुईं. ये फिल्में थीं : लोफर, ब्लैकमेल और प्रतिज्ञा.
सबसे पहले बात करते हैं ‘लोफर’ फिल्म की जो कि 16 मार्च 1973 को रिलीज हुई थी. कहानी विजय ने लिखी थी. स्क्रीनप्ले नाबेंदु घोष ने जबकि डायलॉग जगदीश कानवाल ने लिखे थे. डायरेक्टर ए. भीमसिंह थे. फिल्म में धर्मेंद्र-मुमताज लीड रोल में थे. इसके अलावा, प्रेमनाथ, ओम प्रकाश सिंह और केएन सिंह जैसे सितारों ने अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा था. प्रेमनाथ मेन विलेन थे. प्रोड्यूसर आरसी कुमार थे. लोफर में धर्मेंद्र ने एक चोर की भूमिका निभाई थी. मूवी 1961 की अमेरिकन फिल्म पॉकेटफुल ऑफ मिरेकल्स से इंस्पायर्ड थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘लोफर’ का ब्लॉकबस्टर म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने कंपोज किया था. म्यूजिक सुपरहिट था. फिल्म में कुल 6 गाने थे जिसमें से ‘मैं तेरे इश्क में’, ‘कोई शहरी बाबू’ और ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है’ बहुत पॉप्युलर हुए थे. आज भी ये गाने सुपरहिट हैं. गीतकार आनंद बख्शी की कलम से सभी हिट गाने निकले थे. ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है’ गाना धर्मेंद्र पर फिल्माया गया था. मोहम्मद रफी ने इस गाने को अपनी मखमली आवाज से अमर कर दिया. गाना आज भी सुपरहिट है. ‘कोई शहरी बाबू’ में फरीदा जलाल-मुमताक का डांस सबसे दिलचस्प था. करीब 85 लाख के बजट में बनी इस फिल्म ने 2.6 करोड़ की कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी. 1973 में कमाई के मामले में 8वें नंबर पर रही थी. इस फिल्म से धर्मेंद्र का करियर और चमका.
इसी साल विजय आनंद के निर्देशन में 30 नवंबर 1973 को ‘ब्लैकमेल’ फिल्म आई जिसमें धर्मेंद्र-शत्रुघ्न सिन्हा और राखी गुलजार लीड रोल में थे. कहानी विजय आनंद और विनोद कुमार ने लिखी थी. प्रोड्यूसर विनोद डोशी थे.
शत्रुघ्न सिन्हा निगेटिव रोल में थे. बाद में वो हीरो बने. विनोद खन्ना की तरह शत्रुघ्न सिन्हा ने भी अपना करियर विलेन के तौर पर शुरू किया था. फिल्म की शूटिंग के दौरान राखी प्रेग्नेंट थीं. इस फिल्म के बाद राखी ने फिल्मों से ब्रेक ले लिया था.
‘ब्लैकमेल’ का म्यूजिक कल्याण जी -आनंद जी ने कंपोज किया था. फिल्म का एक गाना बहुत ही रोमांटिक था जिसने आशिकों को मोहब्बत सिखाई. ये गाना था ‘पल-पल दिल के पास, तुम रहती हो..’ इस गाने का मुखड़ा डायरेक्टर विजय आनंद उर्फ गोल्डी ने ही लिखा था. हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा की किस्मत ऐसी चमकी कि वो हीरो बन गए. फिल्म में धर्मेंद्र सॉफ्ट रोमांटिक रोल में थे. डायरेक्टर विजय आनंद के मुताबिक इसी वजह से फिल्म फ्लॉप हो गई.
लिस्ट में तीसरा नाम धर्मेंद्र-हेमा मालिनी की फिल्म ‘प्रतिज्ञा’ का है जो कि 27 जून 1975 को रिलीज हुई. यह धर्मेंद्र के होम प्रोडक्शन की फिल्म थी विक्रम सिंह देवल और कंवरजीत सिंह प्रोड्यूसर थे. फिल्म में धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, अजीत, सत्येन कप्पू, अभि भट्टाचार्य, जोनी वॉकर, जगदीप, कैस्टो मुखर्जी, राममोहन, नाजिर हुसैन, लीला मिश्रा और इम्तियाज खान जैसे सितारे नजर आए थे. इसी फिल्म ने धर्मेंद्र की इमेज ‘धरम-गरम’ की बनाई. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में धर्मेंद्र के कैरेक्टर का नाम ‘अजीत’ था. रियल लाइफ में धर्मेंद्र के छोटे भाई का नाम अजीत देओल था. प्रतिज्ञा फिल्म के दौरान ही धर्मेंद्र-हेमा मालिनी के बीच नजदीकियां भी बढ़ीं.
‘प्रतिज्ञा’ फिल्म में म्यूजिक लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का था. गीतकार आनंद बख्शी थे. फिल्म में कुल चार गाने थे. एक गाने’मैं जट यमला पगला दीवाना’ ने इतिहास रच दिया. इस गाने में एक मस्ती-चुलबुलापन, प्यार-रोमांस सबकुछ था. गाना धर्मेंद्र के पूरे करियर का सबसे यादगार सॉन्ग है. इस गाने को मोहम्मद रफी ने गाया था. इस गाने से जुड़ा किस्स बेहद दिलचस्प है. मोहम्मद रफी को ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ बहुत पसंद आया था. रफी साहब को यह गाना इतना पसंद आया था वो रिकॉर्डिंग के दौरान खुद ही थिरकने लगे थे. उस समय धर्मेन्द्र भी स्टूडियो में मौजूद थे. मोहम्मद रफी ने रिकॉर्डिंग के बाद धर्मेंद्र से कहा था कि मैंने मस्ती भरे अंदाज में गाना रिकॉर्ड किया है. अब आपकी बारी है. देखते हैं कि आप कैसा डांस करते हैं?
धर्मेंद्र ने यादगार डांस करने का वादा तो कर दिया लेकिन जब सेट पर डांस की बारी आई तो उनके पैर ही नहीं उठे. धर्मेंद्र बहुत अच्छे डांसर तो कभी नहीं रहे एक्शन-इमोशन सीन पर उनकी पकड़ मजबूत थी लेकिन डांस का नाम सुनते ही उनकी सांस फूल जाती थी. धर्मेंद्र ने टिपिकल अंदाज में नाचना शुरू कर दिया. अपने ऊपर लाल चुनरी डाल ली और मस्त अंदाज में ऐसा डांस किया कि गाना यादगार बन गया. 80 लाख रुपये के बजट में बनी इस मूवी ने कुल 3.5 करोड़ कलेक्शन किया था. यह एक सुपरहिट फिल्म साबित हुई थी. प्रतिज्ञा फिल्म 1975 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में पांचवे नंबर पर रही थी.


