
Last Updated:
4 Bollywood Movies with Same Name : बॉलीवुड में जब भी कोई कहानी फाइनल होती है तो डायरेक्टर-प्रोड्यूसर उसका टाइटल रजिस्टर करवाते हैं. कई बार टाइटल पहले से ही रजिस्टर होता है. ऐसे में फिल्म का नाम बदला जाता है, या फिर उसमें मामूली हेर-फेर किया जाता है ताकि टाइटल थोड़ा सा अलग हो जाए. फिर भी बॉलीवुड इतिहास में सेम टाइटल से समय-समय पर फिल्में बनती रही हैं. सेम टाइटल से 33 साल के अंतराल में ऐसी ही चार फिल्में बनाई गईं. इन फिल्मों का टाइटल सेम था. मजेदार बात यह भी रही कि तीन फिल्मों की कहानी लगभग सेम थी. तीन फिल्में मैसिव हिट रहीं. ये फिल्में कौन सी हैं, आइये जानते हैं रोचक फैक्ट्स……
यह सच है कि बॉलीवुड की हर फिल्म का टाइटल अलग होता है. फिर भी हिंदी सिनेमा में एक ही नाम से फिल्में बनती रही हैं. 1978 में एक ऐसी सुपरहिट एक्शन फिल्म आई थी जिसके नाम से बार-बार फिल्में बनाई गईं. 33 साल के अंतराल में चार फिल्में सेम टाइटल से बनाई गईं और तीन फिल्मों की स्टोरी भी लगभग सेम थी. ये तीनों फिल्में मैसिव हिट रही. सिर्फ एक फिल्म फ्लॉप रही. हम ‘डॉन’ फिल्म की बात कर रहे हैं. ‘डॉन’ टाइटल से हिंदी में अब तक 4 फिल्में बन चुकी हैं.
पिछले दो दिन से ‘डॉन 3’ फिल्म का नाम सोशल मीडिया पर छाया हुआ. फरहान अख्तर की शिकायत पर सुपर स्टार रणवीर सिंह पर सिने एसोसिएशन ने बैन लगा दिया है. यह विवाद थमने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है. वैसे भी ‘डॉन’ का नाम सुनते ही अमिताभ बच्चन-जीनत अमान स्टारर 1978 की एक्शन थ्रिलर फिल्म याद आने लगती है. ‘डॉन’ फिल्म को कालजयी फिल्म माना जाता है. फिल्म हिंदी सिनेमा के लिए मील का पत्थर साबित हुई. 12 मई 1978 को रिलीज हुई ‘डॉन’ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो सुपरहिट रही थी लेकिन इसके बनने में करीब 6 साल का समय लगा था. फिल्म रिलीज होने से पहले ही प्रोड्यूसर नरीमन ईरानी का निधन हो गया था. अमिताभ बच्चन-जीनत समान समेत कई सितारों ने उनके लिए फ्री में काम किया था.
नरीमन ईरानी सिनेमेटोग्राफर थे. उन्होंने जिंदगी जिंदगी (1972) नाम से एक फिल्म बनाई थी जो कि फ्लॉप रही थी. तपन सिन्हा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में एसडी बर्मन को नेशनल अवॉर्ड मिला था लेकिन नरीमन पर 12 लाख के कर्ज में डूब गए. उन्हीं दिनों वो मनोज कुमार की फिल्म, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ में काम कर रहे थे सो अमिताभ बच्चन-जीनत अमान-प्राण ने उन्हें एक और फिल्म बनाने का सुझाव दिया. उन्होंने फ्री में काम करने का वादा किया. नरीमन स्क्रिप्ट राइटर जोड़ी सलीम-जावेद के पास से ‘डॉन’ फिल्म की रिजेक्टेड स्क्रिप्ट ले आए. चंद्रा बारोट के निर्देशन में फिल्म बन ही रही थी कि नरीमन हादसे का शिकार हो गए और उनका निधन हो गया. चंद्रा बारोट ने अपनी बहन से 40 हजार का कर्जा लेकर जैसे-तैसे फिल्म पूरी की. फिल्म बिना प्रमोशन के रिलीज की गई. हैरानी की बात यह है कि शुरुआत में पूरे एक हफ्ते तक रिस्पांस नहीं मिला. फिर फिल्म ने इतिहास ही रच दिया. किशोर कुमार-आशा भोसले और अमिताभ बच्चन को फिल्म फेयर अवॉर्ड मिला था. 1978 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी. मजेदार बात यह है कि डॉन फिल्म की कहानी 1962 में आई फिल्म ‘चाइना टाउन’ से इंस्पायर्ड थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘डॉन’ फिल्म में अमिताभ बच्चन को बॉलीवुड का डॉन बना दिया. एक सच यह भी है कि 1978 के बाद किसी भी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर ने इस फिल्म का ‘रीमेक’ या इसका अगला पार्ट बनाने के बारे में नहीं सोचा. मशहूर गीतकार-स्क्रिप्ट राइटर जावेद अख्तर के बेटे फरहान अख्तर ने इस फिल्म का रीमेक बनाया और 2006 में शाहरुख खान के साथ मिलकर ‘डॉन’ फिल्म फिर से बनाई. मूल कहानी 1978 की डॉन से ही ली थी लेकिन बैकग्राउंड अलग था. वैसे फरहान ने 2001 में ‘दिल चाहता है’ से बतौर डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी. प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी-फरहान अख्तर थे. 2006 में आई डॉन में शाहरुख खान के अलावा, प्रियंका चोपड़ा, अर्जुन रामपाल, ईशा कोप्पिकर, बोमन ईरानी, पवन मल्होत्रा, राजेश खट्टर, करीना कपूर और ओम पुरी नजर आए थे. म्यूजिक शंकर-अहसान-लॉय का था. फिल्म का एक गाना ‘आज की रात’ बहुत फेमस हुआ था.
फरहान अख्तर यह फिल्म ऋतिक रोशन के साथ बनाना चाहते थे. दोनों ने ‘लक्ष्य’ मूवी में एकसाथ काम किया था. जब स्क्रिप्ट पूरी हुई तो उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ. ऐसे में उन्होंने शाहरुख खान को साइन किया. फरहान ने डॉन फिल्म का रीमेक क्यों बनाया, इसका खुलासा उन्होंने अपने एक इंटरव्यू में किया था. फरहान बहन जोया के साथ डॉन का बैकग्राउंड म्यूजिक सुनते हुए किसी काम के सिलसिले में दिल्ली से देहरादून ट्रेन से जा रहे थे. इसी दौरान उनके दिमाग में वो बिजुअल आया जब बच्चन साहब ट्रेन पकड़ने के लिए पटरियों पर दौड़ते हैं. उन्होंने बहन जोया से ‘डॉन’ का रीमेक बनाने के लिए कहा.
जोया ने फिल्म को मॉडर्न स्टाइल में बनाने का सुझाव दिया. इस तरह से ‘डॉन’ फिल्म को फिर से बनाया गया. डॉन का टीजर अगस्त 2006 में ‘कभी अलविदा ना कहना’ के साथ रिलीज किया गया था. 20 अक्टूबर 2006 को पूरी दुनिया में 800 स्क्रीन के साथ ‘डॉन’ फिल्म रिलीज की गई. 38 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म हिट साबित हुई थी.
शाहरुख खान स्टारर ‘डॉन’ फिल्म की कहानी बहुत हद तक 1978 की अमिताभ बच्चन-जीनत अमान की फिल्म ‘डॉन’ से ली गई थी. ‘खइके पान बनारस वाला’ गाना भी शाहरुख खान पर फिल्माया गया था. इसके बाद फरहान अख्तर ने वो कर दिखाया जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था. उन्होंने 1978 और 2006 में आई ‘डॉन’ फिल्म के आगे की कहानी लिखी. दर्शकों के सामने ‘डॉन 2’ फिल्म पेश की. यह हैरान करने वाला कदम था. ‘डॉन 2’ फिल्म 23 दिसंबर 2011 को 2850 स्क्रीन के साथ रिलीज किया गया था. फिल्म में शाहरुख खान-प्रियंका चोपड़ा, बोमन ईरानी और लारा दत्त लीड रोल में थे. कुणाल कपूर, अली खान, नवाब शाह, साहिल श्रॉफ, ओम पुरी जैसे सितारे सपोर्टिंग रोल में थे स्टोरी फरहान अख्तर-अमित मेहता ने लिखी थी. स्क्रीनप्ले अमित मेहता का था. डायलॉग फरहान अख्तर ने लिखे थे. रितेश सिधानी, फरहान अख्तर और शाहरुख खान ने मिलकर फिल्म को प्रोड्यूस किया था.
‘डॉन 2’ के कैरेक्टर 1978 की डॉन पर ही बेस्ड थे. यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी. फिल्म में दिखाया गया कि ‘डॉन’ अपना बिजनेस यूरोपीय देशों में फैलाता है. वो यूरोप के ड्रग कार्टेल को संभालने का काम शुरू करता है. प्रियंका चोपड़ा डॉन को पकड़ने के लिए इंटरपोल ओ ज्वॉइन करती है. फिल्म की कहानी, बैक ग्राउंड म्यूजिक, लोकेशन सब कुछ दिलचस्प था. फिल्म का फील किसी हॉलीवुड मूवी जैसा था. म्यूजिक शंकर अहसान लॉय का था. गीतकार जावेद अख्तर थे. डॉन 2 को बनाने की घोषणा 2007 में हुई थी लेकिन शाहरुख खान के कंधे में चोट के चलते फिल्म को बनाने में चार साल का लंबा वक्त लगा. 76 करोड़ के बजट में बनी डॉन 2 ने 200 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था. यह एक हिट फिल्म साबित हुई थी. यह 2011 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी.
‘डॉन’ टाइटल से एक फिल्म सुपर स्टार मिथुन चक्रवर्ती ने भी बनाई है. मिथुन दा की ‘द डॉन’ फिल्म में 1995 में रिलीज हुई थी. यह उस समय की काफी स्टाइलिश फिल्म थी लेकिन आज इस फिल्म के एक्शन सीन का मजाक उड़ाया जाता है. द डॉन फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के अलावा सोनाली बेंद्रे, जुगल हंसराज, आसिफ शेख, प्रेम चोपड़ा, कादर खान और सदाशिव अमरापुरकर नजर आए थे.
‘द डॉन’ फिल्म 28 अप्रैल 1995 को रिलीज हुई थी. द डॉन फिल्म को आनंद एस. बर्धन ने फिल्म को लिखा था. फारुख सिद्दिकी ने इसे डायरेक्ट किया था. फारुख सिद्दिकी ने इससे पहले ‘जिगर’, ‘विजयपथ’ को डायरेक्ट किया था. प्रोड्यूसर सलीम अख्तर थे. म्यूजिक दिलीप सेन-समीर सेन का था. 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने करीब 5 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक एवरेज फिल्म साबित हुई थी.


